भारत की विकास दर 6.5 प्रतिशत रहेगी: विश्व बैंक
विश्व बैंक ने वित्त वर्ष 2026 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 6.5% रहने का अनुमान लगाया है। इससे पहले जून में विश्व बैंक ने वृद्धि दर 6.3% रहने का अनुमान व्यक्त किया था। इस बढ़ोतरी का कारण मजबूत घरेलू मांग, प्रबल ग्रामीण विकास और माल एवं सेवा कर (जीएसटी) सुधारों का सकारात्मक प्रभाव बताया गया है।
दक्षिण एशिया में विकास के बारे में विश्व बैंक ने कहा है कि भारत मजबूत उपभोग वृद्धि के बल पर दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा। इस वर्ष दक्षिण एशिया की विकास दर 6.6% रहने का अनुमान है, जबकि 2026 में इसे 5.8% तक धीमा होने का अनुमान है, जो अप्रैल के पूर्वानुमान से 0.6 प्रतिशत अंक कम है।
विश्व बैंक ने यह भी चेतावनी दी है कि सामाजिक-राजनीतिक अशांति और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों के कारण श्रम बाजार में व्यवधान दक्षिण एशिया की आर्थिक स्थिरता के लिए जोखिम बना रहेगा।



