रुपया पहली बार डॉलर के मुकाबले 91 के स्तर पर पहुंचा
रुपया अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है और पहली बार डॉलर के मुकाबले 91 के स्तर को पार कर गया है। हालांकि, इस गिरावट का सिलसिला रुकने वाला नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि रुपया आगे और गिर सकता है और यह 2027 तक 92-94 रुपये प्रति डॉलर तक जा सकता है। एक्सिस बैंक के मुख्य अर्थशास्त्री नीलकंठ मिश्रा का कहना है कि इस गिरावट से घबराने की जरूरत नहीं है।
मिश्रा ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक को किसी विशेष स्तर पर हस्तक्षेप करने की बजाय विवेकपूर्ण तरीके से काम करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत के पास 685-690 अरब डॉलर का विदेशी मुद्रा भंडार है, जो भारत की मजबूत स्थिति को दर्शाता है। इसलिए डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट से घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
उन्होंने यह भी बताया कि 'फॉरवर्ड मार्केट' में भारतीय रिजर्व बैंक की रणनीति समस्याएं पैदा कर रही है और पहले डॉलर के मुकाबले रुपये के 83 के स्तर को बचाने की कोशिश करना एक गलती थी। फॉरवर्ड मार्केट में दो पक्ष किसी निश्चित मूल्य पर भविष्य में परिसंपत्ति खरीदने या बेचने के लिए सहमत होते हैं, ताकि वे मूल्य अस्थिरता से बच सकें।
मिश्रा ने आगे कहा कि पुराने फैसलों के कारण अब भी समस्याएं सामने आ रही हैं, और आने वाले समय में रुपया और कमजोर हो सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस बारे में चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
मंगलवार को रुपया पहली बार अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 91 के स्तर को पार कर गया था, हालांकि कारोबार के अंत में यह 15 पैसे की मजबूती के साथ 90.93 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।



