राज्यसभा में महिला आरक्षण बिल पारित हुआ। बिल के पक्ष में 215 वोट पड़े। राज्य सभा में अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति को एक विशेष सम्मान सिर्फ विधेयक पारित होने से मिल रहा है ऐसा नहीं है बल्कि इस विधेयक के प्रति देश के सभी राजनीतिक दलों की सकारात्मक सोच होना ये हमारे देश की नारी शक्ति को नई ऊर्जा देने वाली है।
संसद के विशेष सत्र के चौथे दिन राज्यसभा से भी महिला आरक्षण बिल पास हो गया। सदन ने सर्वसम्मति के साथ 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' को पास कर दिया। राज्यसभा में महिला आरक्षण बिल के पक्ष में 215 वोट पड़े जबकि किसी ने भी बिल के खिलाफ वोट नहीं डाला। वहीं विधेयक के पास होने के बाद सभापति धनखड़ ने कहा कि यह एक सुखद संयोग है कि हिंदू रीति के अनुसार आज PM मोदी का जन्मदिन है। मैं उन्हें बधाई देता हूं।
पीएम मोदी ने जाहिर की खुशी-पीएम मोदी ने महिला आरक्षण बिल के राज्य सभा से पास होने पर खुशी जाहिर करते हुए एक्स पर लिखा, हमारे देश की लोकतांत्रिक यात्रा में एक निर्णायक क्षण। 140 करोड़ भारतीयों को बधाई। मैं उन सभी राज्यसभा सांसदों को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए वोट किया। इस तरह का सर्वसम्मत समर्थन वास्तव में खुशी देने वाला है।