2024 के लिए पं. राजा काले और 2025 के लिए पं. तरुण भट्टाचार्य को तानसेन अलंकरण
21 नवंबर को संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने बताया कि वर्ष 2024 का राष्ट्रीय तानसेन सम्मान मुंबई के पं. राजा काले को प्रदान किया जाएगा और वर्ष 2025 का राष्ट्रीय तानसेन सम्मान कोलकाता के पं. तरुण भट्टाचार्य को दिया जाएगा।
वर्ष 2024 का राजा मानसिंह तोमर राष्ट्रीय सम्मान साधना परमार्थिक संस्था–समिति, खरगोन को दिया जाएगा, जबकि वर्ष 2025 का यही सम्मान रागायन, ग्वालियर को प्रदान किया जाएगा।
ये सभी सम्मान 15 से 19 दिसंबर 2025 को ग्वालियर में आयोजित होने वाले 101वें तानसेन समारोह में प्रदान किए जाएंगे।
संस्कृति विभाग द्वारा प्रतिवर्ष हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में राष्ट्रीय तानसेन सम्मान और संगीत, संस्कृति एवं कला के संरक्षण में कार्यरत संस्थाओं को राजा मानसिंह तोमर राष्ट्रीय सम्मान दिया जाता है। प्रत्येक सम्मान में 5 लाख रुपये की राशि और सम्मान-पट्टिका प्रदान की जाती है।
राष्ट्रीय तानसेन सम्मान वर्ष 1980 से दिया जा रहा है और अब तक 55 कलाकारों को यह सम्मान मिल चुका है। वर्ष 2023 का तानसेन सम्मान कोलकाता के प्रसिद्ध तबला वादक पंडित स्वप्न चौधरी को प्रदान किया गया था।
राजा मानसिंह तोमर राष्ट्रीय सम्मान वर्ष 2011 से प्रदान किया जा रहा है और अब तक 13 संस्थाओं को यह सम्मान मिल चुका है। वर्ष 2023 में यह सम्मान सानंद न्यास, इंदौर को दिया गया था।