संजीव कुमार झा होंगे मप्र के नए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी
रेवेन्यू बोर्ड में सदस्य एवं 1996 बैच के आईएएस अधिकारी संजीव कुमार झा को मध्यप्रदेश का नया मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है। इस संबंध में केंद्रीय चुनाव आयोग ने राज्य सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
झा की सीईओ पद पर नियुक्ति के साथ ही यह स्पष्ट हो गया है कि वर्तमान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एवं 1997 बैच के आईएएस अधिकारी सुखवीर सिंह की शासन में वापसी होगी। सिंह ने इस पद पर करीब साढ़े 8 महीने तक कार्य किया। उन्हें 27 अगस्त 2024 को इस पद पर नियुक्त किया गया था।
संजीव कुमार झा को भी 23 अगस्त 2024 को रेवेन्यू बोर्ड में भेजा गया था और अब उनकी भी वापसी हो गई है। सूत्रों के अनुसार, सिंह की नियुक्ति के कुछ ही समय बाद शासन ने इस पद पर फेरबदल का प्रस्ताव चुनाव आयोग को भेज दिया था, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।