पंकज चौधरी बने उप्र भाजपा के 17वें अध्यक्ष
महराजगंज लोकसभा सीट से सात बार सांसद और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को रविवार को उत्तर प्रदेश भाजपा का 17वां अध्यक्ष नियुक्त किया गया। केंद्रीय चुनाव अधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने उनके निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की।
निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने पार्टी का झंडा पंकज चौधरी को सौंपा। भूपेन्द्र चौधरी मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास बैठे थे और उन्होंने पंकज को अपनी सीट पर बैठाया और खुद उनकी सीट पर बैठ गए। पंकज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया।
पंकज चौधरी ने बिना किसी राजनीतिक पारिवारिक पृष्ठभूमि के सिर्फ संघर्ष के बल पर पार्षद, उपमहापौर और सात बार महराजगंज लोकसभा सीट से सांसद बनने का सफर तय किया है। वर्तमान में वे केंद्र सरकार में वित्त राज्य मंत्री के रूप में दायित्व निभा रहे हैं।