इंदौर के नितिन मेनन का 150वां अंतरराष्ट्रीय मैच


इंदौर के नितिन मेनन आज 150वें अंतरराष्ट्रीय मैच में सुनाएंगे फैसला

भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला पांचवां टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच अंपायर नितिन मेनन के लिए भी बेहद खास होगा। यह उनका 150वां अंतरराष्ट्रीय मैच होगा, जिसमें वे मैदानी अंपायर की भूमिका निभाएंगे। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वे देश के एकमात्र अंपायर हैं।

42 वर्षीय नितिन मेनन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के एलीट पैनल में शामिल भारत के एकमात्र अंपायर भी हैं। भारत में उनके बाद सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय मैचों में मैदानी अंपायर बनने का रिकॉर्ड पूर्व कप्तान एस. वेंकटराघवन के नाम है, जिन्होंने 125 मैचों में अंपायरिंग की थी।

इंदौर में बतौर क्रिकेटर अपने करियर की शुरुआत करने वाले नितिन मेनन ने जल्द ही बल्ला छोड़कर अंपायरिंग को अपना पेशा बना लिया। यह फैसला उनके लिए बेहद सफल साबित हुआ। मध्य प्रदेश से कोई भी खिलाड़ी इतने अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेल सका, जितने मैचों में नितिन मेनन ने अंपायरिंग की है।

नितिन मेनन ने वर्ष 2017 में भारत और इंग्लैंड के बीच कानपुर में खेले गए टी-20 मैच से बतौर मैदानी अंपायर अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। इसके बाद उनके सटीक और निष्पक्ष फैसलों के कारण बीसीसीआई और आईसीसी का भरोसा लगातार बढ़ता गया।

टेस्ट क्रिकेट में उनका पदार्पण भी उत्तर प्रदेश में ही हुआ। नवंबर 2019 में लखनऊ में वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान के बीच खेला गया मैच उनका पहला टेस्ट मैच था। अब तक वे 35 टेस्ट, 62 वनडे और 52 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में मैदानी अंपायर की भूमिका निभा चुके हैं।

इसके अलावा नितिन मेनन आईपीएल के 112 मैचों में भी मैदानी अंपायर रह चुके हैं। उनकी सटीक अंपायरिंग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आईपीएल के लगातार सात फाइनल मुकाबलों (2019 से 2025) में उन्हें ही अंपायरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई।

टी-20 और वनडे विश्व कप में भी निभाई जिम्मेदारी

नितिन मेनन अब तक तीन टी-20 विश्व कप (2021, 2022 और 2025) में अंपायरिंग कर चुके हैं। इसके अलावा वे 2023 के वनडे विश्व कप में भी अंपायर रहे। अगले माह होने वाले टी-20 विश्व कप में भी वे अंपायरिंग करते नजर आएंगे। एशेज सहित दुनिया की कई बड़ी सीरीज में वे अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

बतौर खिलाड़ी नितिन मेनन ने मध्य प्रदेश के लिए दो लिस्ट-ए मैच खेले हैं। अंपायरिंग के दौरान उन्होंने टेस्ट मैचों में 12 बार, वनडे में 16 बार और टी-20 में 27 बार टीवी अंपायर की भूमिका निभाई है। इसके अलावा महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी वे 13 बार मैदानी अंपायर रह चुके हैं।




पत्रिका

...
Pratiyogita Nirdeshika February 2026
और देखे
...
Books for MPPSC Exam Preparation 2026 || विभिन्न परीक्षाओं हेतु उपयोगी 12 अंक मात्र 150 में
और देखे
...
Pratiyogita Nirdeshika January 2026
और देखे
...
Books for MPPSC Exam Preparation 2026 || विभिन्न परीक्षाओं हेतु उपयोगी 12 अंक मात्र 150 में
और देखे