2 साल पूरे, सवा करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों को मिला लाभ
16 मई को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के गरीब, किसान (अन्नदाता), युवा और नारी कल्याण के लिए संकल्पित है। भगवान श्रीराम की संस्कृति को मानते हुए सरकार अपने सभी वचन पूर्ण कर रही है।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के दो साल पूरे हो गए हैं। 15 मई को प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों को योजना की 24वीं किश्त जारी की गई। हर महीने बहनों को ₹1250 भेजे जा रहे हैं, जिससे हर माह एक तरह से रक्षाबंधन मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे देश में नारियों के सम्मान की परंपरा अनादि काल से है। हमने जो वादा बहनों से किया था, उसे निभा रहे हैं। अब तक बहनों को ₹28,000 करोड़ से अधिक का लाभ मिल चुका है।
सीधी जिले में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से प्रदेश की 1 करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनों के खातों में ₹1551.89 करोड़ की राशि ट्रांसफर की। साथ ही 56.83 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में ₹341 करोड़ और 26 लाख से अधिक बहनों को सिलेंडर रिफिल के ₹30.83 करोड़ ट्रांसफर किए।
मुख्यमंत्री ने सीधी में ₹112 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया। उन्होंने कहा कि रीवा-सीधी क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
राज्य सरकार प्रत्येक माह लाड़ली बहना योजना, एलपीजी सिलेंडर रिफिल सहायता के साथ-साथ किसानों को पीएम किसान और मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि का भी लाभ दे रही है। इस वित्तीय वर्ष में सरकार ने ₹4.21 लाख करोड़ का बजट पेश किया है। 2047 तक प्रति व्यक्ति आय ₹22.5 लाख करने का लक्ष्य रखा गया है। 2003 में यह ₹11,200 थी, जो अब ₹1.52 लाख हो गई है।
विंध्य - सेना का नेतृत्व करने वाला क्षेत्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि विंध्य क्षेत्र भारतीय सेना का नेतृत्व करता रहा है। थलसेना और नौसेना के शीर्ष अधिकारियों की जड़ें यहीं से हैं। हाल ही में भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' में आतंकियों का सफाया कर देश को गौरवान्वित किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पाकिस्तान को वैश्विक मंच पर बेनकाब किया है। पूरे देश में उत्सव का माहौल है और तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और विधायक श्रीमती रीती पाठक ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने सीधी क्षेत्र को ₹112 करोड़ की सौगात दी है जिससे चौमुखी विकास संभव होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पारंपरिक आदिवासी शैला एवं करमा लोक नृत्य से स्वागत किया गया। उन्होंने विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया और स्वयं लड्डू खरीदकर स्वाद भी लिया। साथ ही बोर्ड परीक्षा में मैरिट में आने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया।