भारत ने एशियाई खेलों में सर्वाधिक पदक के अपने पिछले रिकॉर्ड को तोड़ा

भारतीय दल ने 4 अक्टूबर को यहां एशियाई खेलों में पदकों के लिहाज से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और पिछले खेलों में 70 पदक के आंकड़े को पीछे छोड़ा।

भारत का पदक के लिहाज से पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जकार्ता और पालेमबांग में हुए 2018 एशियाई खेलो में था जिसमें देश ने 16 स्वर्ण, 23 रजत और 31 कांस्य पदक सहित कुल 70 पदक जीते थे।

भारत के पैदल चाल खिलाड़ियों मंजू रानी और राम बाबू ने 4 अक्टूबर को 35 किमी मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता जिससे भारत ने 2018 खेलों में 70 पदक के आंकड़े की बराबरी की।

ओजस देवताले और ज्योति सुरेखा वेन्नम की कंपाउंड मिश्रित तीरंदाजी टीम ने इसके बाद स्वर्ण पदक के रूप में मौजूदा खेलों में भारत का 71वां पदक जीता।

हांगझोउ एशियाई खेलों के लिए भारत ने ‘अब की बार, सौ पार’ नारा दिया है।

भारत ने 4 अक्टूबर तक 18 स्वर्ण समेत कुल 81 पदक जीते हैं जबकि चार दिन की प्रतियोगिताएं बाकी हैं।