सुगम व्यापार नीतियों से विकास को मिलेगी गति: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव


सुगम व्यापार नीतियों से विकास को मिलेगी गति: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार निवेश और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सुगम व्यापार वातावरण (ईज़ ऑफ़ डूइंग बिज़नेस) पर केंद्रित नीतियों के माध्यम से विकास को नई गति दे रही है। उन्होंने राज्य की सुदृढ़ अवसंरचना, बेहतर कनेक्टिविटी तथा जल, भूमि, श्रम और प्राकृतिक संसाधनों की प्रचुर उपलब्धता को निवेशकों के लिए बड़ी ताकत बताया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) दावोस में “इन्वेस्ट इन इंडिया: मध्यप्रदेश – एक रणनीतिक निवेश केंद्र” विषय पर आयोजित राउंडटेबल बैठक के दौरान कही। राउंडटेबल बैठक में उन्होंने मध्यप्रदेश को देश के प्रमुख और उभरते निवेश केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में ऑटोमोबाइल, नवकरणीय ऊर्जा, फार्मास्यूटिकल्स, वस्त्र, आईटी–आईटीईएस, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण तथा मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क जैसे क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय और घरेलू निवेशकों को राज्य सरकार द्वारा दी जा रही नीतिगत सहायता और प्रोत्साहनों की जानकारी भी साझा की।

डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार उन उद्योगों और व्यवसायों को विशेष सहयोग प्रदान करेगी, जो मध्यप्रदेश में रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित करेंगे। उन्होंने बताया कि यदि किसी निवेश प्रस्ताव को विशेष या अनुकूलित समर्थन की आवश्यकता होगी, तो निवेश प्रोत्साहन के लिए गठित मंत्रिमंडलीय समिति (कैबिनेट कमेटी फॉर इन्वेस्टमेंट प्रमोशन) ऐसे प्रस्तावों पर सकारात्मक रूप से विचार करेगी।

राउंडटेबल चर्चा में शामिल निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों ने पर्यटन, मनोरंजन, डिजाइन, नवकरणीय ऊर्जा, निर्यात, रसायन, अल्कोहल, टेक्सटाइल पार्क, वित्तीय क्षेत्र, आईटी–आईटीईएस, जीसीसी और बौद्धिक संपदा जैसे क्षेत्रों में नीतियों को और प्रभावी बनाने को लेकर अपने सुझाव साझा किए।

बैठक में जिरोधा के सह-संस्थापक श्री निखिल कामथ, हिताची इंडिया के कार्यकारी अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. भारत कौशल, एमोविया की सह-संस्थापक एवं सीईओ सुश्री कैरन बाएर्ट, एंटोरा एनर्जी के सीईओ श्री एंड्रयू पोर्निक, AB InBev के ग्लोबल वाइस प्रेसिडेंट (कॉर्पोरेट अफेयर्स) श्री एंड्रिस पेनेटा, न्यू दिल्ली हब के संस्थापक एवं अध्यक्ष श्री ईशान प्रताप सिंह तथा एचसीएल टेक्नोलॉजीज के ग्लोबल सीटीओ श्री कल्याण कुमार उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार निवेश अनुकूल नीतियों के माध्यम से मध्यप्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।




पत्रिका

...
Pratiyogita Nirdeshika April 2026
और देखे
...
Books for MPPSC Exam Preparation 2026 || विभिन्न परीक्षाओं हेतु उपयोगी 12 अंक मात्र 150 में
और देखे
...
Books for MPPSC Exam Preparation 2026 || विभिन्न परीक्षाओं हेतु उपयोगी 12 अंक मात्र 150 में
और देखे
...
Pratiyogita Nirdeshika March 2026
और देखे