मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी नगरीय निकायों में गीता भवन बनाने की घोषणा की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में गीता भवन बनाये जायेंगे। सभी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाये जायेंगे। आगामी दिनों में गीता जयंती भी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जायेगी। बीते दिनों राज्य शासन ने विजया दशमी पर उत्साह के साथ शस्त्र पूजन के कार्यक्रम किये और दीपोत्सव में गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाए गये। इस उत्सव को गौ-संवर्धन के रूप में मनाया गया। राज्य शासन गौ-पालन को बढ़ावा देने के लिये हर स्तर पर कार्य कर रही है। गौ-शालाओं का बढ़ावा देने के साथ उसे संरक्षण भी दिया जा रहा है। गायों को खुराक के लिये दिये जाने वाली राशि को बढ़ाकर दुगुना कर दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को नंदा नगर स्थित गणेश परिसर में मलूक पीठाधीश स्वामी राजेन्द्र दास देवाचार्य महाराज की कथा के अवसर पर अपना सम्बोधन दे रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के शासन में देश में एक ऐसी सांस्कृतिक धारा बह रही है, जिसके कारण चारों ओर उत्साह का वातावरण है। साधु-संतों का सम्मान हो रहा है। धार्मिक स्थानों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। विदेशों से राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री भारत आते हैं, तो हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी उन्हें हमारे मंदिरों का भ्रमण कराते हैं और उन्हें गीता और रामायण जैसे ग्रंथ भेंट करते हैं। उज्जैन में महाकाल लोक बनने के बाद उज्जैन की काया ही बदल गई है। अब वहाँ रिकॉर्ड तोड़ संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं। सम्राट विक्रमादित्य की गौरव गाथाओं का गुणगान महानाट्य विक्रमादित्य के माध्यम से किया जा रहा है, और इसका मंचन दिल्ली सहित अन्य स्थानों पर हो चुका है। पहले कैलेंडर में शक संवत होता था, अब उसे विक्रम संवत कर दिया गया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के दृढ़ संकल्प से काशी विश्वनाथ में सुंदर कॉरिडोर बन गया है। अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के पथ जहां-जहां पड़े, वहां राम पथ बनाया गया है। चित्रकूट धाम का भी जीर्णोद्धार किया जायेगा। जहां-जहां योगेश्वर श्रीकृष्ण की लीलाएं हुईं हैं, वहां भी तीर्थ स्थल बनाये जायेंगे। जानापाव में भगवान परशुराम की जन्म स्थली का भी विकास किया गया है। ऐसे और भी धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का विकास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संतों के द्वारा कही गई कथा से हम सबको अच्छे संस्कार मिलते हैं और हमारे जीवन में नयी ऊर्जा का संचार होता है। जहां सामान्य मनुष्य की सोच समाप्त होती है, वहां से संतों के सोचने की शुरुआत होती है। उन्होंने कहा कि मानव शरीर परमात्मा की सुंदर रचना है और इसके रोम-रोम में परमात्मा है। इस शरीर में सारी शक्तियां समाहित हैं और इसकी अनुभूति हमें संत कराते हैं। संतों के पास बैठने से हमारा जीवन मंगलमय होता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने व्यास पीठ का पूजन किया और आरती में शामिल हुए। मुख्यमंत्री एवं जनप्रतिनिधियों ने मलूक पीठाधीश स्वामी राजेन्द्र दास देवाचार्य महराज का स्वागत किया।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह आयोजन विधायक श्री रमेश मेंदोला के माता-पिता की स्मृति में किया जा रहा है। इस तरह के आयोजन लगातार होने चाहिए।